logo
Blog single photo

नीतीश कुमार ही रहेंगे बिहार के मुख्यमंत्री

- आज एनडीए की बैठक में हो सकती है मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नाम को घोषणा

- 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण

बिहार में नई सरकार के मुखिया एक बार फिर से नीतीश कुमार ही रहेंगे और उन्हीं के सिर मुख्यमंत्री का ताज सजेगा। बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। बीजेपी की ओर से सम्राट चौधरी को नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया है। ये साफ हो गया है कि बिहार की नई सरकार में शीर्ष पर बहुत फेरबदल की संभावना नहीं है।

बुधवार को दोपहर तीन बजे के करीब पटना में एनडीए की संयुक्त बैठक होने वाली है। जिसमें शीर्ष तीन पदों के लिए नाम की घोषणा होने की पूरी संभावना है। बैठक विधानसभा के केंद्रीय सभागार में होगी, जिसमें एनडीए के सभी दल बीजेपी, जेडीयू, LJP-RV, हम-S और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सभी विधायक शामिल होंगे।

वहीं पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर 2025 को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही बीजेपी-NDA शाषित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा।

नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री समेत लगभग 18 से 20 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। उपमुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी कोटे से दो नाम लगभग तय बताए जा रहे हैं, जबकि जेडीयू और अन्य छोटे दलों को भी कैबिनेट में जगह देने की बात कही जा रही है।



गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटों पर जोरदार जीत दर्ज की है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसे 89 सीटों पर जीत मिली, तो नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने 85 सीटें जीती हैं।

चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटें, जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को 5 सीटें और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं। वहीं, विपक्षी पार्टियों में आरजेडी को 25, कॉन्ग्रेस को 6, AIMIM को 5, CPI (ML) (L) को 2, IIP, CPI (M) को एक-एक सीट मिली हैं।


#biharelection #nitishkumar #nextchiefminister #biharelection2025

Top