अब तो मां गंगा ने भी मुझे गोद ले लिया है
किसानों के खाते में पहुंचे 20 हजार करोड़ रूपये
मैंने किसान, नौजवान, नारीशक्ति और गरीब को विकसित भारत का
स्तंभ माना है
वाराणसीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने
काशीवासियों का धन्यवाद करना कभी नहीं भूलते हैं। तीसरी बार पीएम की शपथ लेने के
बाद वह मंगलवार को वाराणसी के दो दिन के दौरे पर पहुंचे। वाराणसी पहुंचने के बाद
सबसे पहले उन्होंने किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी की है। यहां एक
जनसभा में किसानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि साथियों इस चुनाव में
देश के लोगों ने जो जनादेश दिया है, इससे एक नया इतिहास बना है। ऐसा भारत में 60 साल पहले हुआ था, तबसे भारत में किसी सरकार ने
हैट्रिक नहीं लगाई थी। अब आपने यह मौका मोदी को दिया।
अब तो मां गंगा ने भी मुझे गोद ले लिया है
पीएम मोदी ने कहा कि मैं चुनाव जीतने के बाद आज पहली बार बनारस
आया हूं, मैं बनारस की जनता को नमस्कार करता हूं। बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के
आशीर्वाद से काशीवासियों के असीम स्नेह से मुझे तीसरी बार देश का प्रधान सेवक बनने
का सौभाग्य मिला है। काशी के लोगों ने मुझे लगातार तीसरी बार अपना प्रतिनिधि चुनकर
मुझे धन्य कर दिया है। अब तो मां गंगा ने भी जैसे मुझे गोद ले लिया है, मैं यहीं का हो गया हूं। पीएम
मोदी ने कहा कि ये बहुत बड़ी विजय है, और बहुत बड़ा विश्वास है, आपका ये विश्वास
मेरी बहुत बड़ी पूंजी है, आपका ये विश्वास मुझे लगातार आपकी सेवा करने के लिए, देश को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के
लिए कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देता है। मैं दिन-रात ऐसे ही मेहनत करूंगा। आपके
सपनों और संकल्पों को पूरा करने के लिए हर प्रयास करूंगा।
मैंने किसान, नौजवान, नारीशक्ति और गरीब को विकसित भारत का
स्तंभ माना है
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने किसान, नौजवान, नारीशक्ति और गरीब को विकसित भारत
का मजबूत स्तंभ माना है। अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत मैंने इन्हीं के सशक्तिकरण
से की है। सरकार बनते ही सबसे बड़ा किसान और गरीब परिवारों से जुड़ा फैसला लिया
गया है। देश में गरीब परिवारों के लिए 3 करोड़ नए घर बनाने हों या फिर
पीएम किसान सम्मान निधि को आगे बढ़ाना हो… ये फैसले करोड़ों-करोड़ों लोगों
की मदद करेंगे।
किसानों के खाते में पहुंचे 20 हजार करोड़ रूपये
पीएम मोदी ने आगे कहा कि थोड़ी देर पहले ही पीएम किसान सम्मान
निधि के 20 हजार करोड़
रुपए देशभर के करोड़ों किसानों के खाते में पहुंचे हैं। आज 3 करोड़ बहनों को लखपति बनाने के लिए
भी बहुत बड़ा कदम उठाया गया है। कृषि सखी के रूप में बहनों की नई भूमिका उन्हें
सम्मान और आय के नए साधन दोनों सुनिश्चित करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी काशी
संस्कृति की राजधानी रही है, हमारी काशी ज्ञान की राजधानी रही है, हमारी काशी
सर्वविद्या की राजधानी रही है, लेकिन इन सबके साथ-साथ काशी एक ऐसी नगरी बनी है, जिसने सारी दुनिया को ये दिखाया
है कि हेरिटेज सिटी भी अर्बन डेवलमेंट का नया अध्याय लिख सकती है। विकास भी और
विरासत भी… का मंत्र
भी काशी में हर जगह दिखाई दे रहा है।